कंगना रनौत और करण जौहर दोनों ही बेलौस बयान देने से पीछे नहीं हटते। करण एक अमीरजादे कॉस्मोपोलिटन पावरफुल फिल्म निर्माता और निर्देशक हैं। कंगना स्माट टाउन गर्ल हैं जिसने अपनी प्रतिभा के दम पर बॉलीवुड में सफलता की सीढ़ियां चढ़ी हैं। आज कंगना फेमिनिस्ट आइकन हैं तो करण जौहर शो बिज के सेलेब। अब कल्पना कीजिए कि जब ये दो बोलबाज स्टार आमने सामने आ जाएं तो क्या होगा?
वही होगा जो आप सोच रहे हैं। शुरुआत कंगना रनौत ने ही की और उन्होंने करण जौहर को निशाने पर लेते हुए फिल्म इंडस्ट्री भाई-भतीजावाद का सिरमौर बता दिया। करण भी कहाँ चुप रहने वाले थे। उन्होंने कुछ ही दिन बाद एक इंटरव्यू में कंगना पर पलटवार करते हुए कह दिया कि अगर कंगना का बॉलीवुड इतना ही बुरा लगता है तो वो इसे छोड़ क्यों नहीं देतीं?
करण इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने ये भी कहा कि वो कंगना एक महिला के तौर पर खुद को विक्टिम की तरह पेश करके फायदा उठाती हैं और अब वो इससे ऊब चुके हैं। देखना ये है कि चुप न रहने के लिए जानी जाने वाली कंगना इस पर क्या जवाब देती हैं। आपको याद होगा कि ऋतिक रोशन के संग हुए ईमेल विवाद में कंगना अंत तक डटी रहीं। उन्होंने मामले के शांत होने के बाद भी ऋतिक पर परोक्ष रूप से निशाना साधा था।
कंगना ने एक इंटरव्यू में कहा था कि कुछ लोगों को इंडिपेंडेंट महिलाएं सेक्सी नहीं लगती हैं। जाहिर है कि कंगना का इशारा ऋतिक की तरफ था। इससे पहले कंगना का शेखर सुमन के बेटे अध्ययन सुमन के संग प्रेम प्रसंग भी काफी विवादित रहा था। कंगना और सुमन पिता-पुत्र के बीच काफी आरोप-प्रत्यारोप लगे थे। कंगना का आदित्य पंचोली के संग रिश्ता भी काफी विवादित मोड़ पर खत्म हुआ था। कंगना और पंचोली दोनों ही उस रिश्ते को अपनी-अपनी भूल बता चुके हैं।
निजी जिंदगी में कंगना को भले ही प्रेम प्रसंगों में बदनामी ज्यादा मिली हो फिल्मी पर्दे पर क्वीन और तनु वेड्स मनु जैसी फिल्मों से वो फीमेल आइकन बन गई हैं। वो अपने इंटरव्यू में लगातार ही बेबाक और विचारोत्तेजक बयान देकर युवा लड़कियों और अपने दूसरे प्रशंसकों का दिल जीतती रही हैं।